जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर खाले का पूरा गांव में गुरुवार दोपहर एक 19 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासिनी 19 वर्षीय मोनिका पत्नी सुनील कुमार ने गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे घर के अंदर कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों द्वारा जैतपुर पुलिस को दी गई।
सूचना पर नायब तहसीलदार हरिराम एवं जैतपुर थाना अध्यक्ष थीरेंद्र आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। मृतका का मायका आजमगढ़ जनपद में बताया जा रहा है, जहां से उसके परिजनों के आने का पुलिस इंतजार कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतका के पति सुनील कुमार करीब 20 दिन पूर्व महिला को पंजाब से भगाकर घर लाए थे। वहीं थाना अध्यक्ष थीरेंद्र आजाद ने बताया कि मेला जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, विवाद बढ़ने पर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।