Wednesday, March 11, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरटांडा में चार मंजिला स्टेशनरी गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का...

टांडा में चार मंजिला स्टेशनरी गोदाम में लगी भीषण आग, करोड़ों का नुकसान, दमकल की टीमें देर रात तक जुटीं

अंबेडकरनगर। टांडा नगर के छज्जापुर दक्षिणी मोहल्ले में स्थित एक स्टेशनरी की थोक दुकान और गोदाम में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग सुबह तीन से चार बजे के बीच लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे चार मंजिला भवन को चपेट में ले लिया। दुकान सिंह ट्रेडर्स के नाम से जानी जाती है, जो सरदार सुरेंद्र सिंह की है। इसमें किताबें, कॉपियां, टिफिन, बैग, पेन, प्लास्टिक सामग्री और अन्य स्टेशनरी का थोक भंडारण था। आग इतनी विकराल थी कि शाम छह बजे तक भी उस पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका।

आग बुझाने के लिए टांडा फायर स्टेशन की दो दमकलें सबसे पहले मौके पर पहुंचीं, लेकिन जब आग पर काबू नहीं पाया जा सका तो अकबरपुर, आलापुर, जलालपुर, अयोध्या, बस्ती और आजमगढ़ से भी दमकल बुलानी पड़ी। एनटीपीसी की सीआईएसएफ फायर यूनिट और अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की फायर यूनिट भी राहत कार्य में जुट गईं। प्रशासन ने आसपास के मकानों को एहतियातन खाली करा लिया है। नगर पालिका, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार मौके पर डटे हुए हैं।

गली में स्थित संकरे रास्ते और भारी माल से लदे गोदाम के कारण आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दमकल कर्मियों को छतों और दीवारों को तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ रहा है। ऊपरी मंजिलों पर आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन बेसमेंट में लगी आग अब भी बेकाबू बनी हुई है। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दमकल की दर्जनों गाड़ियां अब तक लाखों लीटर पानी और अग्निशमन गैस का प्रयोग कर चुकी हैं।

भीषण आग के चलते गोदाम के पास स्थित मकानों — सुभाष चंद्र अग्रहरी, रविचंद्र गुप्ता और आनंद गुप्ता — को भी खतरा उत्पन्न हो गया है, जिन्हें बचाने के लिए फायरकर्मी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्य सड़क मार्ग पर दमकलों की लगातार आवाजाही और पानी भरने के कारण अयोध्या-टांडा मार्ग को बंद करना पड़ा है, जिससे नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है।

एसडीएम टांडा अरविंद त्रिपाठी, टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी, सीओ शुभम कुमार, थानाध्यक्ष अलीगंज सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है। फायरकर्मी लगातार सूझबूझ और साहस के साथ राहत कार्यों में लगे हैं, लेकिन आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसके गिरने का भी खतरा बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments