◆ पैसे के लेनदेन और मार्केट में ब्याज पर बांटे गए रूपये पर कब्जे की थी साजिश, आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या। 28 जून को कोतवाली अयोध्या के महोबरा बाजार में स्थित एक घर में राजेश सिंह नाम के युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। जिसकी हाथ की नस कटी हुई थी। मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर नामजद रिर्पोट दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि राजेश की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई थी। आरोपी धर्मवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गाजीपुर जिले का रहने वाला है।
मृतक और आरोपी महोबरा में किराये पर एक ही परिसर में अगल-बगल रहते थे। मृतक ब्याज पर रूपये बांटने का काम करता था। आरोपी ने इसमें लगाने के लिए उसे तीन लाख रूपये दिए थे। जिसका न ही कोई लाभांश आरोपी को मिला न ही मूलधन वापस हुआ। आरोपी ने पहले मृतक के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। जब वह अचेत हो गया, तो अंगौछे से उसका गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद उसने चाकू से मृतक राजेश की कलाई की नस काट दी, जिससे मामला आत्महत्या का लगे। असली मंशा मृतक द्वारा मार्केट में ब्याज पर लगाए गए करीब 15-20 लाख रुपये पर कब्जा करना था।
एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि हाथ की नस काट कर आरोपी ने इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की गई। खुलासा करने वाली टीम को दस हजार का पुरूस्कार दिया गया है।