अम्बेडकर नगर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। भाजपा नेता और नारायण फ़ाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य के नेतृत्व में युवाओं ने विशाल तिरंगा बाइक रैली निकाली, जो डॉ. गणेश कृष्ण जेटली विद्यालय, शहजादपुर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंची। पूरे मार्ग में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा के नारे गूंजते रहे।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विवेक मौर्य ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की पहचान, एकता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सेवा और एकता को जीवन का ध्येय बनाने का आह्वान किया।
भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन देशभक्ति की भावना और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। रैली के दौरान हर घर तिरंगा अभियान को नई गति देने का संदेश भी दिया गया।
रैली मार्ग पर दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने तिरंगा लहराकर और पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। बाइक सवार युवाओं ने तिरंगे से सजी गाड़ियों और देशभक्ति गीतों के साथ शहर को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।
आयोजन में नारायण फ़ाउंडेशन के पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सैकड़ों युवा शामिल रहे। कार्यक्रम की सफलता पर विवेक मौर्य ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया