अम्बेडकर नगर। हॉकी इंडिया के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय कटेहरी में जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में बालक व बालिका वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर उर्फ साधू वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर विधायक धर्मराज निषाद, जिला क्रीड़ाधिकारी शीला भट्टाचार्य सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि हॉकी इंडिया ने बीते सौ वर्षों में खेल जगत को नई पहचान दी है और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रतियोगिता में बालक व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में जिला हॉकी एसोसिएशन ने स्टेडियम टीम को 2-1 से हराया, जबकि बालक वर्ग में स्टेडियम ने हॉकी एसोसिएशन को 1-0 से पराजित किया।
मुख्य अतिथि विधायक धर्मराज निषाद ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, किट व प्रमाणपत्र प्रदान किए तथा जिला हॉकी संघ का टीशर्ट भी जारी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।