जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर विपहन गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब अवैध असलहों और धारदार हथियारों से लैस दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमला व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पवन दुबे ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह सोमवार सुबह अपने परिवार के साथ घर पर था, तभी गांव के ही मनोज दुबे हाथ में गड़ासा, गणेश दत्त दुबे कट्टा और उनके सहयोगी महेश व दिनेश के साथ आकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। पवन के अनुसार, बीच-बचाव करने आई उसकी बहन प्रियंका पर मनोज ने गड़ासे से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गई। वहीं, गणेश ने प्रियंका के सीने पर कट्टा सटा दिया और महेश-दिनेश ने घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्रियंका की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पवन दुबे की तहरीर पर आरोपियों मनोज, गणेश, महेश और दिनेश के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मालीपुर थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक जांच के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गांव में घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।