अंबेडकर नगर। थाना इब्राहिमपुर पुलिस ने सोमवार सुबह एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी सचिन विश्वकर्मा, जो एम डी एच कनेक्टिंग इंडिया कंपनी में हब इंचार्ज के पद पर कार्यरत था, फ्लिपकार्ट से ग्राहक बनकर बार-बार महंगे मोबाइल ऑर्डर करता था और फिर ऑर्डर रद्द कर मोबाइल अपने पास रखकर खाली डिब्बा कंपनी को लौटा देता था।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) व क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में इब्राहिमपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी सचिन विश्वकर्मा पुत्र राजकरन निवासी शाहपुर कुरमौल, थाना टांडा को सोमवार की तड़के इल्तिफातगंज स्थित शाही मस्जिद के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 19 महंगे 5जी एंड्रॉइड मोबाइल, एक इस्तेमाल किया गया मोबाइल और 310 नकद बरामद हुए।
एम डी एच कंपनी के पूर्वांचल हेड आशीष सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ थाना इब्राहिमपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी पर आरोप है कि वह फ्लिपकार्ट से फर्जी आईडी से मोबाइल ऑर्डर करता, फिर मोबाइल निकालकर खाली डिब्बा लौटाकर फ्लिपकार्ट को धोखा देता था। आरोपी इन मोबाइलों को स्थानीय दुकानों पर बेचकर पैसा कमाता था और कैश ऑन डिलीवरी की रकम भी हड़प लेता था। पुलिस टीम में उप निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक सिंह और कांस्टेबल कृष्णकांत ठाकुर शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।