जलालपुर अम्बेडकर नगर। डेढ़ दर्जन से अधिक धाराओं में दर्ज मुकदमों के तहत कई वर्ष से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को एसटीएफ टीम ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार अपराधी जलालपुर कोतवाली क्षेत्र का निवासी है, जिस पर कुल 21 मुकदमे पंजीकृत बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, करिया लोना पुत्र रत्तीलाल निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस और एसटीएफ की टीम उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। अंततः एसटीएफ टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर महंत तिवारी के निकट साई मंदिर के पास, ग्राम बेलखरियापुर, थाना लम्भुआ, जनपद सुल्तानपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जलालपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मंगलवार को विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया। इस संबंध में प्रभारी कोतवाली जैद अहमद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।