जलालपुर अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति से ठगी के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नंदापुर अशरफपुर मझगवां गांव निवासी हरिलाल वर्मा पुत्र स्व. धर्मराज ने बताया कि उनका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा, जलालपुर शाखा में है। बीते एक नवंबर को उन्होंने बैंक से 24 हजार रुपये निकाले और जैसे ही बैंक से बाहर निकले, तभी एक अज्ञात व्यक्ति मिला वह खुद को महिला अस्पताल का कर्मचारी बताते हुए हरिलाल को अपने साथ चलने के लिए कहा और अस्पताल ले गया। अस्पताल पहुंचकर हरिलाल को बाहर बैठा दिया और उनका झोला लेकर कहा कि वह उसमें कुछ सामान रख रहा है। उसी दौरान उसने झोले में रखी पासबुक निकाली और उसमें रखे 24 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
काफी देर इंतजार करने के बाद जब हरिलाल ने अस्पताल के कर्मचारियों से मनोज नाम के व्यक्ति के बारे में पूछा, तो अस्पताल कर्मियों ने बताया कि इस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत नहीं है। इसके बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, जिसमें आरोपी व्यक्ति को भागते हुए देखा गया।
घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।