अयोध्या। स्व. अशोक सिंहल के जन्मदिन पर कारसेवकपुरम में दिव्यांगो के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण और विभिन्न सहायता उपकरणों का वितरण किया जाएगा। राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा रहे स्वर्गीय अशोक सिंघल के जन्मदिवस के अवसर पर हर वर्ष विश्व हिन्दू परिषद और अशोक सिंघल फाउंडेशन की ओर से इस तरह के शिविर का आयोजन किया जाता है।
यह जानकारी विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय ने दिया। उन्होंने बताया कि शिविर में ह्वीलचेयर, ट्राईसाइकिल, चश्मे और अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा कान की मशीन की आवश्यकता वाले लोगों की श्रवण शक्ति की जांच भी मौके पर होगी और इसके लिए किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं होगी। रक्त जांच में थायराइड की जांच भी शामिल रहेगी। पंजीकृत दिव्यांगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शिविर में बुलाया जाएगा। अब तक 500 व्यक्तियों का पंजीकरण हो चुका है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 सितम्बर तय की गई है। इस कार्यक्रम में एम टू के नामक व्यापारिक संस्थान और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम सहयोग करेगी।