Friday, November 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए 1950 पर करें...

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए 1950 पर करें संपर्क


◆ फार्म-6 से नए मतदाताओं का होगा पंजीकरण, नाम-पते की त्रुटियों में सुधार के लिए भरना होगा फार्म-8


अयोध्या। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं की सुविधा के लिए जानकारी जारी की है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और निर्वाचन संबंधी अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

पहली बार मतदाता बनने के पात्र नागरिकों को निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरना होगा। यह फार्म भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अलावा मतदाता पंजीकरण केंद्र, निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, तहसील स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी इसे निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है।

फार्म-6 के साथ निर्धारित आकार 4.5×3.5 सेंटीमीटर का नवीनतम रंगीन फोटो लगाना होगा। निवास प्रमाण के लिए पानी, बिजली या गैस कनेक्शन का कम से कम एक वर्ष का बिल, राष्ट्रीयकृत या अनुसूचित बैंक अथवा डाकघर की पासबुक, आधार कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, भूमि स्वामित्व अभिलेख, किसान बही, किरायेदार की स्थिति में पंजीकृत किराया अनुबंध और स्वयं के मकान की स्थिति में पंजीकृत विक्रय विलेख मान्य दस्तावेजों में शामिल हैं।

जन्मतिथि के प्रमाण के लिए स्थानीय निकाय या जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस तथा सीबीएसई, आईसीएसई या राज्य शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी दसवीं अथवा बारहवीं का प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया जा सकता है।

निर्वाचक नामावली में दर्ज प्रविष्टियों की गलतियों को सुधारने के लिए फार्म-8 भरना होगा। इसे ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा किया जा सकता है। मतदाता पहचान पत्र (ईपिक) में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर भी फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कर नया ईपिक प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन बीएलओ अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।

दावे और आपत्तियों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर देखी जा सकती है। आवेदन में मोबाइल नंबर और पिन कोड सहित पूरा पता सही दर्ज करना जरूरी है, ताकि आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक की जा सके।

मतदाता अपना ई-ईपिक भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर का पंजीकृत होना आवश्यक है। पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल एप पर ई-ईपिक विकल्प में जाकर डिजिटल मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments