दीपोत्सव से लेकर राम मंदिर के धार्मिक आयोजनों तक सुरक्षा व्यवस्था की रही बड़ी जिम्मेदारी, नए एसएसपी के सामने भीड़ प्रबंधन और कानून–व्यवस्था की होगी चुनौती
अयोध्या। उत्तर प्रदेश में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के तहत अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद भेजा गया है। उनके स्थान पर मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल को अयोध्या की कमान सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों के बीच यह जिम्मेदारियों की अदला-बदली है। डॉ. गौरव ग्रोवर ने पांच मई 2025 को अयोध्या के एसएसपी का कार्यभार संभाला था। करीब डेढ़ वर्ष तक रामनगरी की पुलिस व्यवस्था संभालने के बाद अब उनका स्थानांतरण हुआ है।
चिकित्सक से आईपीएस अधिकारी बने गौरव ग्रोवर
वर्ष 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. गौरव ग्रोवर मूल रूप से पंजाब के भटिंडा के रहने वाले हैं। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई की है। पुलिस सेवा में आने से पहले वह चिकित्सक थे। अयोध्या आने से पहले वह गोरखपुर और मथुरा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। गोरखपुर में तैनाती के दौरान फर्जी डिग्री और प्रमाणपत्रों के सहारे संचालित क्लीनिक व डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ नकली सोना बेचने और फर्जी स्टांप के मामलों का भी खुलासा किया था।



