◆ महंत कमलनयन दास ने किया शुभारंभ, विश्रामालय से लेकर मोबाइल चार्जिंग और प्रसाधन तक की रही व्यवस्था
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिक्रमा मार्ग पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भोजन, विश्राम और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हनुमानगुफा चौराहा, धर्मपथ अयोध्या धाम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के संयोजन में वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। 20 नवंबर को प्रातः चार बजे से शुरू हुए इस सेवा आयोजन का शुभारंभ महंत कमलनयन दास ने किया।
पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परिक्रमा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए विभिन्न धार्मिक स्थलों से गुजरते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सेवा स्थल पर भंडारे के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त मोबाइल फोन चार्ज करने की सुविधा और प्रसाधन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। भंडारे में परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया। आयोजन स्थल पर सेवा भाव से जुटे कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं का ध्यान रखा।
महंत कमलनयन दास ने भंडारे का शुभारंभ करते हुए सेवा कार्य की सराहना की और कहा कि तीर्थयात्रियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। अयोध्या की परंपरा में संतों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सहभागिता से सेवा के कार्य निरंतर चलते रहे हैं। पंचकोसी परिक्रमा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन और विश्राम की व्यवस्था इसी सेवा परंपरा का उदाहरण है।
इस दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या केवल एक धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भी भूमि है। पंचकोसी परिक्रमा में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु भगवान श्रीराम की नगरी में पहुंचते हैं। उनकी सेवा करना हम सभी का सौभाग्य है। आयोजित कैम्प में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य किया।