Thursday, November 19, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामहिलाओं से लूट की दो घटनाओं में वांछित 25 हजार का इनामी...

महिलाओं से लूट की दो घटनाओं में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार


◆ रुदौली पुलिस ने रौजागांव ओवरब्रिज के पास दबोचा, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे


अयोध्या। रुदौली कोतवाली पुलिस ने महिलाओं से लूट की दो घटनाओं में वांछित इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर तीन महिलाओं और एक बुजुर्ग महिला के आभूषण छीन लिए थे। पुलिस ने उसे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रौजागांव ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ रुदौली कोतवाली में लूट के दो मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 की शाम ग्राम फिरोजपुर पवारान-कूढ़ासादात संपर्क मार्ग पर नहर पुलिया के पास तीन महिलाओं के आभूषण छीनने की घटना हुई थी। बदमाश महिलाओं की सोने की झुमकी, पायजेब, नाक का बुंदा और मटरमाला लेकर फरार हो गया था। इसके बाद 25 फरवरी को ग्राम रहीमगंज धौरहरा में एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया गया। उसके कान का बाला, नाक का बुंदा, मंगलसूत्र और पैरों की पायल छीन ली गई थी।

दोनों घटनाओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दाम पुत्र नूर अली उर्फ नूरी निवासी मोहल्ला पूरे मलिक, कस्बा रुदौली के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मवई, रौनाही और रुदौली थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में दोनों लूट के मामलों में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव सिंह, नीलेश सिंह और कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments