◆ राम की पैड़ी पर 30 फीट लंबा पुष्पक विमान और भव्य राम दरबार बनेगा आकर्षण, रामकथा पार्क में 15 फीट ऊंचे रामरथ पर विराजेंगे प्रभु श्रीराम
अयोध्या । दसवें दीपोत्सव में रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की भव्यता और रामायण काल के प्रसंगों की सजीव अनुभूति कराने की तैयारी है। राम की पैड़ी से लेकर रामकथा पार्क तक रामायण थीम पर आधारित भव्य संरचनाएं तैयार की जा रही हैं। कहीं भगवान श्रीराम की लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी के प्रतीक पुष्पक विमान का स्वरूप आकार ले रहा है तो कहीं राम दरबार और रामरथ के जरिए रामकथा के प्रसंगों को जीवंत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए पर्यटन और संस्कृति विभाग की तैयारियां अंतिम रूप ले रही हैं।
राम की पैड़ी पर पर्यटन विभाग की ओर से 30 फीट लंबा, 12 फीट चौड़ा और 16 फीट ऊंचा पुष्पक विमान तैयार किया जा रहा है। इसके साथ 30 गुणा 20 फीट क्षेत्रफल में लगभग 20 फीट ऊंचा भव्य राम दरबार बनाया जा रहा है। दोनों संरचनाएं प्लाई और कैनवास मटेरियल से तैयार की जा रही हैं। इनके निर्माण में बंगाल सहित विभिन्न प्रदेशों के सैकड़ों कुशल कारीगर जुटे हैं। कारीगर दिन-रात मेहनत कर संरचनाओं को आकर्षक स्वरूप देने में लगे हैं। रामायण थीम पर आधारित तीन नावें भी तैयार की गई हैं, जो सरयू नदी में तैरती नजर आएंगी।
पुष्पक विमान को इस तरह आकार दिया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के प्रसंग की अनुभूति हो सके। वहीं राम दरबार में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों के माध्यम से रामराज्य की दिव्य छवि प्रस्तुत की जाएगी। दीपों की रोशनी में जगमगाते ये आकर्षण राम की पैड़ी पर दीपोत्सव की छटा को और भव्य बनाएंगे।
रामकथा पार्क में सजेगा भव्य रामरथ
राम की पैड़ी के साथ रामकथा पार्क में भी रामायण थीम पर आधारित एक विशाल रामरथ तैयार किया जा रहा है। 16 फीट लंबे, 12 फीट चौड़े और 15 फीट ऊंचे इस रामरथ पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी सहित अन्य दिव्य स्वरूप विराजमान होंगे। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से चयनित मोक्ष एडवर्टाइजिंग एंड इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार रामरथ को प्लाई और कैनवास मटेरियल से तैयार किया जा रहा है। इसमें पारंपरिक और आधुनिक शिल्प का समन्वय किया जा रहा है, जिससे यह दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा।
सरयू की लहरों पर दिखेगी रामायण की झलक
दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी में रामायण थीम पर तैयार तीन नावें भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दीपों की रोशनी और सरयू की लहरों के बीच इन नावों की मौजूदगी पूरे दृश्य को विशिष्ट बनाएगी। राम की पैड़ी पर पुष्पक विमान और राम दरबार तथा रामकथा पार्क में भव्य रामरथ के माध्यम से श्रद्धालुओं को रामायण के अलग-अलग प्रसंगों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कारीगरों को मिल रहा रोजगार, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
दीपोत्सव के लिए तैयार की जा रही इन विशाल संरचनाओं से जहां श्रद्धालुओं को अनूठा सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा, वहीं विभिन्न प्रदेशों से आए कारीगरों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। योगी सरकार अयोध्या को वैश्विक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है। दसवें दीपोत्सव में रामायण आधारित सज्जा, भव्य रामरथ, पुष्पक विमान, राम दरबार और सरयू की लहरों पर तैरती नावें रामनगरी की सांस्कृतिक छवि को नया आयाम देंगी। लाखों दीपों से जगमगाती अयोध्या में ये आकर्षण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनेंगे।