◆ कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, बरेली से आए थे मां-बेटे
अयोध्या। रिश्तों को शर्मसार करने वाली चोरी की घटना का कोतवाली नगर पुलिस ने खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने भाई के घर से सोने के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी किए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 18 लाख रुपये कीमत के आभूषण और सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को महाजनी टोला निवासी एक व्यक्ति ने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार, एक नवंबर को मर्चरी हाउस के पास से प्रभात दुआ (19) और उसकी मां मीना दुआ (42), निवासी वीर सावरकर कॉलोनी, थाना इज्जतनगर, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। मीना पीड़ित की बहन बताई गई हैं और घटना के समय उसके घर आई थीं।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक सोने का हार, सात जोड़ी कान के टॉप्स, दो जोड़ी बालियां, चार कंगन, दो सोने की चेन, 30 चांदी के सिक्के और चांदी की एक नाक की कील बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक चंद्रमोहन शुक्ला सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।