◆ 26 अक्टूबर सुबह आठ बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक
अयोध्या । राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के अयोध्या बाईपास खंड पर शांति चौक अंडरपास के पास बाईं ओर स्थित सर्विस रोड की मरम्मत कराई जाएगी। इसके चलते 24 अक्टूबर की रात 10 बजे से 26 अक्टूबर की सुबह आठ बजे तक संबंधित क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
सुल्तानपुर की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-330 के रास्ते आने वाले हल्के वाहनों को शांति चौक अंडरपास से आगे मकबरा रोड की ओर मोड़ा जाएगा। ये वाहन बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के पास स्थित अखंड मार्केट के रास्ते एनएच-27 की बाईं ओर की सर्विस रोड पर पहुंच सकेंगे।
रायबरेली की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-330ए के रास्ते आने वाले तथा संत कबीरनगर, अयोध्या धाम, बस्ती, गोरखपुर और सुल्तानपुर की ओर जाने वाले हल्के वाहन अग्रसेन चौक से 14 कोसी परिक्रमा मार्ग होते हुए जनौरा अंडरपास के रास्ते एनएच-27 पर पहुंच सकेंगे। इसके अतिरिक्त हल्के वाहनों को मकबरा रोड से अखंड मार्केट के रास्ते सर्विस रोड पर भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
मरम्मत कार्य के दौरान शांति चौक अंडरपास की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एनएच-330 पर सुल्तानपुर की ओर से आकर बस्ती, संत कबीरनगर और गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों को सहादतगंज अंडरपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। एनएच-330ए पर रायबरेली की ओर से आने वाले इन गंतव्यों के भारी वाहनों को भी सहादतगंज अंडरपास की ओर भेजा जाएगा।
नवीन सब्जी मंडी, अयोध्या की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रायबरेली रोड स्थित अंडरपास के रास्ते सहादतगंज की ओर भेजा जाएगा। वहीं, अग्रसेन चौक से सुल्तानपुर अंडरपास की ओर आकर सुल्तानपुर, बस्ती, संत कबीरनगर और गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों को 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जनौरा अंडरपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 25 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक रायबरेली की ओर से एनएच-330ए के रास्ते आने वाले और बस्ती, संत कबीरनगर व गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों को मऊ शिवाला से एनएच-27 पर सहादतगंज की ओर भेजा जाएगा। रायबरेली अंडरपास से जुड़ी बाईं ओर की सर्विस रोड पर एनएच-27 के मुख्य मार्ग से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सहादतगंज पहुंचने के बाद भारी वाहन एनएच-27 के मुख्य मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।