अयोध्या। रामनगरी में शुक्रवार को पांच स्थानों से निकलीं प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्राओं ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। फतेहगंज, कोठापार्चा, हैदरगंज, अशोक पुरम-जप्ती और साहबगंज की रामलीलाओं की श्रीराम बारातें नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरीं। शोभायात्राओं में शामिल श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ भजन गाते और जय श्रीराम के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा, आरती और पूजन कर बारातों का स्वागत किया।
केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि समिति के आग्रह पर रामलीला समितियों ने पूर्व वर्षों की अपेक्षा इस बार समय से पहले शोभायात्राएं निकालकर सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि इससे आयोजन को व्यवस्थित बनाने में मदद मिली है। शोभायात्राओं को देखने के लिए नगर की प्रमुख सड़कों पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग मौजूद रहे।
फतेहगंज की श्रीराम बारात रामलीला प्रभारी राजीव गुप्ता, रेवत प्रकाश पाण्डिया, प्रेमनाथ राय, पंकज कुमार जायसवाल, निखिल कुमार गुप्ता और अजय कुमार जायसवाल की अगुवाई में निकली। कोठापार्चा की बारात का नेतृत्व अध्यक्ष सिद्धार्थ महान सहित कन्हैया लाल यादव, आशीष महेंद्र, राजेंद्र सिंह वैभव, रामजी सोनी और शिव कुमार गुप्ता ने किया। हैदरगंज की बारात अध्यक्ष रजनीश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों की अगुवाई में निकाली गई। अशोक पुरम-जप्ती की शोभायात्रा अध्यक्ष पीयूष मौर्य और उनकी टीम के नेतृत्व में तथा साहबगंज की बारात अध्यक्ष धीरज दूबे रानू सहित अन्य पदाधिकारियों की अगुवाई में निकली।
समिति के जिला प्रवक्ता के अनुसार, फतेहगंज, कोठापार्चा, हैदरगंज और अशोक पुरम-जप्ती की श्रीराम बारातें फतेहगंज चौराहे से कसाबबाड़ा, जनाना अस्पताल रोड, रिकाबगंज चौराहा, चौक, गुदरी बाजार, राठहवेली, शोलापुरी, साहबगंज, रीडगंज और आंख अस्पताल क्षेत्र से होकर गुजरीं। अलग-अलग स्थानों से निकलीं बारातें निर्धारित मार्गों से भ्रमण कर अपने गंतव्य पर पहुंचीं। साहबगंज की बारात आंख अस्पताल तिराहा, स्वामी दयानंद मार्ग, गुदरी बाजार, चौक, रिकाबगंज, जनाना अस्पताल रोड, कसाबबाड़ा, फतेहगंज, सुभाष नगर, जमुनिया बाग और रीडगंज होते हुए वापस साहबगंज पहुंची।
शोभायात्राओं के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों ने पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। रिकाबगंज स्थित नरेंद्रालय के निकट केंद्रीय समिति की ओर से स्वागत शिविर लगाया गया। यहां समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने श्रीराम बारातों का पूजन-अर्चन कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय समिति के जिला संयोजक गगन जायसवाल, जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर, नगर निगम कार्य प्रभारी अतुल सिंह, लोक निर्माण विभाग प्रभारी जनार्दन पांडेय बबलू और मेला प्रभारी रोहिताश्व चंद्र राजू सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।