◆ जिला व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ करेंगे चर्चा, श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद संघ परिवार से भी करेंगे संवाद
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार, 24 अक्टूबर को अयोध्या प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह श्रीरामलला और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। उनके प्रवास कार्यक्रम में जिला एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक और विचार परिवार के साथ संवाद का कार्यक्रम भी शामिल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद विनोद तावड़े जिला प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद क्षेत्रीय बैठक आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्रीय पदाधिकारी, कार्यसमिति के सदस्य, सभी मोर्चों के अध्यक्ष तथा अवध क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठकों में संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। प्रवास के दौरान विचार परिवार के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े का अयोध्या प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस दौरान पार्टी के जिला एवं क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। उनके अयोध्या प्रवास को पार्टी के संगठनात्मक संवाद और विभिन्न स्तरों पर समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।