राजकीय इंटर कॉलेज से निकली भव्य विसर्जन शोभायात्रा, ढोल–नगाड़ों और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
अयोध्या । आस्था, श्रद्धा और भक्ति के भावों से सराबोर अयोध्या में मंगलवार को मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। ‘जय माता दी’ के गगनभेदी जयकारों, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति, अयोध्या और जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित शोभायात्रा राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रीभगवान जायसवाल घाट (निर्मली कुंड) पहुंची, जहां दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल की अध्यक्षता में हुआ। पूर्व सांसद लल्लू सिंह, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता एवं रामचंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा की अगुवाई पूर्व विधान परिषद सदस्य हीरालाल यादव, पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय ‘पवन’, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, रिकाबगंज हनुमानगढ़ी के महंत अमृत दास, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, समिति के प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, जिला संयोजक गगन जायसवाल और जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने की।
शोभायात्रा में सबसे आगे केंद्रीय समिति का बैनर, राष्ट्रीय ध्वज और तीन बड़े ध्वज चल रहे थे। इसके पीछे ब्रास बैंड तथा प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, गुरु नानक देव, अग्रसेन महाराज, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और केंद्रीय समिति के संस्थापक श्रद्धेय श्रीभगवान जायसवाल के चित्र शामिल रहे। प्रभु श्रीराम, भगवान शंकर और भगवान श्रीकृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। महिला शक्तिवाहिनी और पुरुष शक्तिवाहिनी की टुकड़ियां भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं।
राजकीय इंटर कॉलेज से निकली शोभायात्रा फतेहगंज, मोतीबाग, चौक, रिकाबगंज चौराहा, रिकाबगंज हनुमानगढ़ी, रोडवेज और सिविल लाइन होते हुए विसर्जन स्थल पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का स्वागत किया। चौक घंटाघर पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और नगर निगम के पूर्व उपसभापति राजेश कुमार गौड़ सहित अन्य लोगों ने प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा की। कमिश्नर राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी और प्रभारी कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया।
कसाबबाड़ा चौराहे पर पूर्व पार्षद फरीद कुरैशी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। फतेहगंज चौराहे पर भागीरथ पचेरीवाला, संजय गुप्ता, राजीव गुप्ता और भाजपा युवा नेता विकास सिंह सहित अन्य लोगों ने शोभायात्रा का अभिनंदन किया। मोतीबाग में व्यापारी नेता जितेंद्र आनंद और विनय पटेल के नेतृत्व में स्वागत हुआ। चौक, रिकाबगंज, हनुमानगढ़ी और अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस दौरान सुभाषनगर स्थित केंद्रीय समिति के कार्यालय में समिति के संस्थापक श्रद्धेय श्रीभगवान जायसवाल के चित्र पर जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, जिला संयोजक गगन जायसवाल, समिति पदाधिकारियों और उनके परिजनों ने पुष्पांजलि अर्पित की। बजाजा में समिति के पूर्व सहयोगी एवं सहसंयोजक श्रद्धेय दीपक श्रीवास्तव के चित्र पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
शोभायात्रा की शुरुआती पंक्तियों में महिला शक्तिवाहिनी की प्रमुख अशोका द्विवेदी, शकुंतला गौतम और रीना द्विवेदी के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। वहीं पुरुष शक्तिवाहिनी का नेतृत्व रविकांत आर्य और नागेंद्र पांडेय ने किया। समिति के स्वयंसेवक पूरे मार्ग में शोभायात्रा को व्यवस्थित और गतिशील बनाए रखने में जुटे रहे।
विसर्जन स्थल पर प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का प्रसाद भी वितरित किया गया। भंडारा प्रभारी रोहित अग्रवाल तथा सह प्रभारी विवेक साहू और अंकुश गुप्ता के निर्देशन में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। विसर्जन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस, नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी सक्रिय रहे।
समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने विसर्जन कार्यक्रम के सफल आयोजन पर पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। मां दुर्गा की विदाई के दौरान भक्तों ने मां सरयू को नमन करते हुए अगले वर्ष फिर आगमन की कामना की।