जलालपुर, अंबेडकर नगर। माता जागरण देखने गए एक परिवार के सूने घर को चोरों ने निशाना बना लिया। दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर बक्से में रखी चांदी की पायल, सोने के आभूषण, लॉकेट समेत अन्य सामान समेट ले गए। देर रात घर लौटने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव का है। गांव निवासी रामहित पुत्र स्वर्गीय भोरई का परिवार शनिवार की रात माता जागरण देखने गया था। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर बक्से में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। रात करीब 12 बजे परिवार के लोग वापस लौटे तो दरवाजा टूटा देखकर दंग रह गए। अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। बक्से की तलाशी लेने पर चांदी की पायल, सोने के आभूषण, लॉकेट समेत अन्य सामान गायब था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।