Saturday, October 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजिला निर्वाचन अधिकारी ने गोसाईगंज सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण,...

जिला निर्वाचन अधिकारी ने गोसाईगंज सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण, 24 अक्टूबर को फिर लगेगा विशेष अभियान दिवस


अयोध्या। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के सभी 2193 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के केकेएडी इंटर कॉलेज, मजहरूद्दीनपुर खजुरहट स्थित बूथ संख्या 22, 23 और 24 सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची का अवलोकन किया और संबंधित बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान दिवसों के साथ अन्य निर्धारित दिनों में भी मतदाता पंजीकरण का कार्य जारी रखा जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा ने भी प्राथमिक विद्यालय जगनपुर स्थित बूथ संख्या 157, 158, 159 और 160 का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील की कि जिन नागरिकों की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि छूटे हुए और नए पात्र मतदाताओं को पंजीकरण की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बाद ही नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर वोट जरूरी है, इसलिए मतदाता पंजीकरण अभियान में सभी पात्र नागरिक सक्रिय भागीदारी निभाएं।


फॉर्म-6 से होगा नए मतदाताओं का पंजीकरण


मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदक का भारत का नागरिक होना, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना और निर्धारित अर्हता तिथि पर 18 वर्ष की आयु पूरी करना आवश्यक है। आवेदक का नाम किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए। पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों के संशोधन सहित अन्य अनुमन्य कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है। आयु और पते के प्रमाण सहित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी संबंधित बीएलओ से प्राप्त की जा सकती है।


24 अक्टूबर को फिर चलेगा विशेष अभियान


विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अगला विशेष अभियान दिवस 24 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे और नागरिकों को आवश्यक जानकारी देंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि पर अपने मतदेय स्थल पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments