Friday, October 16, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याराम मंदिर के 150 निर्माण कार्यों में से 148 पूरे, 15 नवंबर...

राम मंदिर के 150 निर्माण कार्यों में से 148 पूरे, 15 नवंबर तक परकोटे और फसाड लाइटिंग का लक्ष्य


◆ निर्माण समिति की बैठक का दूसरा दिन, नृपेंद्र मिश्र ने कार्यों की प्रगति और हस्तांतरण की स्थिति की समीक्षा की


अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक के दूसरे दिन अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल 150 निर्माण कार्यों में से 148 पूरे हो चुके हैं। लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने इन कार्यों को आवश्यक अभिलेखों के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया है। परकोटे का निर्माण कार्य अभी हस्तांतरित होना बाकी है।

नृपेंद्र मिश्र के अनुसार, परकोटे की छत पर वॉटर ट्रीटमेंट से संबंधित कार्य अधूरा होने के कारण इसका हस्तांतरण नहीं हो सका है। परकोटे का निर्माण 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बारिश के कारण निर्माण कार्यों की गति प्रभावित हुई है।

उन्होंने बताया कि मंदिर और परकोटे की फसाड लाइटिंग भी 15 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है। दीपावली पर मंदिर की भव्यता के अनुरूप रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मंदिर परिसर आकर्षक दिखाई दे।

बैठक में ठेकेदारों के भुगतान और वित्तीय मामलों की समीक्षा भी प्रमुख एजेंडा है। एलएंडटी से संबंधित भुगतान के लंबित मामलों को पूरा कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर के बाहर निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और म्यूजियम की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।

नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि विजय स्तंभ और शहीद स्मारक का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि, स्मारक परिसर में उद्यान और हॉर्टिकल्चर से संबंधित कुछ कार्य अभी जारी हैं। वहीं, मध्वाचार्य द्वार का निर्माण लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। उन्होंने निर्माण की गति और आ रही कठिनाइयों का मौके पर निरीक्षण करने की बात कही।


जांच के बाद ट्रस्ट स्वीकार करेगा हस्तांतरण


निर्माण कार्यों का हस्तांतरण स्वीकार करने से पहले ट्रस्ट की ओर से उनकी जांच की जाएगी। एलएंडटी द्वारा ड्राइंग, डिजाइन, आवश्यक अभिलेख और वित्तीय प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद ट्रस्ट के प्रोजेक्ट इंजीनियर संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद ही हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments