आलापुर, अंबेडकर नगर। खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटे बाद विकासखंड जहांगीरगंज की ग्राम पंचायत ठेगीप्रतापपुर में सफाई अभियान शुरू हो गया। दर्जनों सफाईकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काली जी मंदिर और वहां तक जाने वाले रास्ते की साफ-सफाई की। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को झाड़-झंखाड़ के बीच से होकर देवस्थानों तक जाना पड़ रहा था। गांव में स्थित काली जी का मंदिर भी झाड़ियों से घिरा हुआ था। नवरात्र के दौरान महिलाओं और युवतियों को पूजा-अर्चना के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता था। इससे जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता था। अयोध्या समाचार ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
खबर का असर हुआ और आनन-फानन में दर्जनों सफाईकर्मी गांव पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर के साथ ही रास्ते की सफाई की। साफ-सफाई होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।
ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव अशोक कुमार ने बताया कि देवस्थान और रास्ते पर तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। भविष्य में सफाई संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।