अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी ने अनुराग त्रिपाठी को किसान मोर्चा का महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर मंगलवार को सहादतगंज स्थित भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में उनका सम्मान किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई।
अनुराग त्रिपाठी वर्ष 2012 से भाजपा में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया है। वह भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य तथा भाजपा में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं को उनकी सक्रियता, समर्पण और अनुभव के आधार पर जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुराग त्रिपाठी किसान मोर्चा को मजबूत करने के साथ किसानों के बीच संगठन की गतिविधियों को विस्तार देंगे। महानगर महामंत्री शैलेन्द्र कोरी ने कहा कि अनुराग त्रिपाठी का संगठनात्मक अनुभव किसान मोर्चा के लिए उपयोगी साबित होगा।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। किसानों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाना, उनके हितों के लिए कार्य करना और किसान मोर्चा को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
किसान मोर्चा महानगर अध्यक्ष बनने पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, परमानंद मिश्र, शशि प्रताप सिंह, रवि सोनकर, आरिफ आब्दी, स्वप्निल श्रीवास्तव, आकाश सोमवंशी, आयुष पाण्डेय, राम शंकर निषाद, विकास गुप्ता, सहित बडी संख्या में भाजपाई ने प्रसन्नता जाहिर की है।