◆ रिकाबगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव, कांग्रेस नेतृत्व से जवाब और सांसद पर कार्रवाई की मांग
◆ 11 छात्राओं की शिकायतों के बाद जेएनयू प्रशासन ने आरोपी सांसद को किया है बर्खास्त
अयोध्या। जेएनयू में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को विश्वविद्यालय से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन का घेराव कर जमकर नारेबाजी किया। क्षेत्रीय मंत्री सुमन शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ता रिकाबगंज में एकत्र हुईं और वहां से नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान हाथों में भाजपा के झंडे लिए महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति विरोध जताया। प्रकरण पर महिला सुरक्षा पर राजनीतिक जवाबदेही का सवाल उठाया।
जानकारी के अनुसार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने 9 अक्टूबर को आंतरिक समिति की जांच के बाद कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया था। मामले में 11 छात्राओं की ओर से यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतें दर्ज कराए जाने की बात कही गई है। शिकायतों की जांच विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने की थी। आरोपों और जांच के निष्कर्षों के संदर्भ में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग किया। प्रदर्शन के दौरान महिला सम्मान और संस्थागत जवाबदेही को लेकर नारेबाजी भी की गई।


