◆ प्रमुख मार्गों से सरयू तट तक होगी सजावट, पुष्पक विमान, राम रथ और 20 सेल्फी प्वाइंट होंगे आकर्षण
अयोध्या । दीपोत्सव-2026 में अयोध्या इस बार सिर्फ दीपों की रोशनी से ही नहीं, बल्कि रामायण के प्रसंगों पर आधारित कलात्मक सजावट से भी दमकेगी। प्रमुख प्रवेश मार्गों, चौराहों, धर्म पथ, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट तक थीम आधारित सजावट की जाएगी। पर्यटन विभाग ने इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। सजावटी द्वार, वे-फाइंडर, सेल्फी प्वाइंट, आर्ट इंस्टालेशन और प्रकाश सज्जा के साथ पुष्पक विमान, राम रथ और राम दरबार भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
दीपोत्सव के तहत छह से आठ नवंबर तक विभिन्न आयोजन होंगे। सात नवंबर को मुख्य आयोजन के दौरान रामनगरी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए करीब 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इन पर स्थान और दिशा से जुड़ी जानकारी के साथ वर्टिकल स्क्रीन के माध्यम से भी जरूरी सूचनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।
राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर बनेंगे 20 सेल्फी प्वाइंट
राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। अलग-अलग डिजाइन और थीम पर तैयार होने वाले इन इंस्टालेशन में अयोध्या और दीपोत्सव की झलक दिखाई देगी। लता मंगेशकर चौक से राम की पैड़ी तक भी विभिन्न विषयों पर आधारित आर्ट इंस्टालेशन लगाए जाएंगे।
राम कथा पार्क का स्थायी मंच भी नए स्वरूप में नजर आएगा। मंच पर एलईडी स्क्रीन, उच्च गुणवत्ता वाली ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था और थीम आधारित सजावट की जाएगी। प्रवेश और निकास द्वारों को भारतीय संस्कृति और रामायण के प्रसंगों पर आधारित सजावटी गेट से सजाया जाएगा।
प्रमुख मार्गों पर बनेंगे 10 भव्य द्वार
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के प्रमुख प्रवेश मार्गों और धर्म पथ पर रामायण थीम पर 10 भव्य द्वार तैयार किए जाएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले मार्गों पर बनने वाले इन द्वारों की डिजाइन और सजावट अलग-अलग होगी। रोशनी से सजे ये द्वार श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचते ही दीपोत्सव का माहौल बनाएंगे।
पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे आकर्षण
राम की पैड़ी के निकट पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टालेशन तैयार किया जाएगा। इसके साथ राम रथ और झांकी के जरिए रामायण के प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा। राम की पैड़ी के पास राम दरबार की प्रस्तुति होगी, जबकि राम कथा पार्क के समीप हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू और राम की पैड़ी पर आकर्षक फ्लोटर्स भी लगाए जाएंगे।
बच्चों को रामायण से जोड़ने की तैयारी
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात के अनुसार प्रमुख मार्गों पर रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों पर आधारित स्थापनाएं तैयार की जा रही हैं। इनमें लंका कांड सहित प्रमुख प्रसंगों को सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि बच्चे और नई पीढ़ी रामायण की कथाओं से आसानी से जुड़ सकें।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। रामायण थीम पर सजावट, कलात्मक स्थापनाएं और प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं को रामनगरी के दिव्य स्वरूप का नया अनुभव कराएंगी।