अयोध्या। अयोध्या पहुंचे कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सहारनपुर में मस्जिद पर हुई कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मस्जिद के नाम पर धार्मिक उन्माद पैदा करने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि सहारनपुर में हुई कार्रवाई किसी धार्मिक ढांचे के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकारी जमीन पर हुए कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ थी।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रशासन ने शुरुआत में ही कार्रवाई को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। उनके मुताबिक जिला जज की अदालत ने प्रबंध समिति की अपील खारिज कर दी थी। उन्होंने दावा किया कि मस्जिद पक्ष अदालत में जमीन पर अपना मालिकाना हक साबित करने के लिए ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक जांच और राजस्व अभिलेखों में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर धार्मिक ढांचा बनाए जाने की बात सामने आई थी। उन्होंने कहा कि जिला अदालत ने सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को बरकरार रखा, जिसके बाद अदालत के आदेश के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के अनुसार सरकारी जमीन पर बनी इमारत के कुछ हिस्सों का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। कलेक्ट्रेट परिसर को संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि वहां प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण कार्य होते हैं, इसलिए अनधिकृत गतिविधियों और बाहरी लोगों की आवाजाही सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण का बचाव करना उचित नहीं है और न्यायालय के आदेश का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल समाज को बांटकर धार्मिक उन्माद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे।