जलालपुर, अम्बेडकर नगर। अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान शुक्रवार शाम जैतपुर पुलिस की 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को जैतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6:02 बजे ग्राम जैतपुर स्थित लल्ला सिंह की बाग के पास पुलिस टीम का वांछित बदमाश पप्पू पुत्र चंद्रिका प्रसाद निवासी ग्वारी चमारन का पुरवा, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल बदमाश की पहचान पप्पू के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। वह जैतपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 62/2026 और 63/2026 में वांछित था तथा उस पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, चोरी की एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और 1,750 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अंबेडकरनगर, आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर अपराधों के करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में स्वाट/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक आदर्श सिंह, मुख्य आरक्षी उमेश यादव, आरक्षी विपिन सिंह, मुख्य आरक्षी उमेश सिंह यादव, आरक्षी अर्जुन तिवारी, आरक्षी दिव्यांश यादव, आरक्षी शिवम शाही और आरक्षी विजेन्द्र यादव शामिल रहे।
थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि घायल अभियुक्त को चिकित्सीय उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।