Saturday, August 29, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजमीन और रास्ते के विवाद में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, मुख्य आरोपी समेत...

जमीन और रास्ते के विवाद में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार


◆ फर्जी आईडी पर कार खरीदकर रची गई थी हत्या की साजिश, हमले में मृतक की मां भी गंभीर घायल; पांच आरोपी फरार


अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कंदेला गांव में 25 अगस्त को हिस्ट्रीशीटर रामलगन मौर्य की गोली और बम मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वाट, सर्विलांस और पूराकलंदर पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर राजमणि सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजमणि सिंह के अलावा दीपक प्रजापति और मनीष शर्मा शामिल हैं।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि पुरानी जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर रामलगन मौर्य की हत्या की साजिश रची गई थी। साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने घटना से तीन दिन पहले 22 अगस्त को लखनऊ से फर्जी आईडी के आधार पर काली हुंडई वरना कार खरीदी थी। इसी कार का इस्तेमाल वारदात की तैयारी और आने-जाने के लिए किया गया।


नहर पुलिया पर घेरकर किया हमला


पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त की शाम कंदेला गांव की नहर पुलिया के पास रामलगन मौर्य पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने गोली और बम से हमला किया। गंभीर रूप से घायल रामलगन मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उनकी मां पार्वती देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।


पांच आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर


पुलिस के अनुसार हत्याकांड में शामिल पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर घटना की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments