Wednesday, August 26, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याकच्ची दीवार बनी काल, मलबे में दबकर अधेड़ की मौत

कच्ची दीवार बनी काल, मलबे में दबकर अधेड़ की मौत


जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गंज गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच कच्ची मिट्टी की दीवार ढहने से मलबे में दबकर 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी मातम पसर गया।
इस्माइलपुर गंज निवासी राम प्रकाश पुत्र सोहन बुधवार को अपने घर में काम कर रहे थे। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण घर की कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी। इसी बीच अचानक दीवार भरभराकर राम प्रकाश के ऊपर जा गिरी। देखते ही देखते वह भारी मलबे के नीचे दब गए।
हादसा होते ही परिजनों में अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच परिजन और आसपास के लोग मलबा हटाकर राम प्रकाश को बाहर निकालने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने घटना की सूचना मालीपुर पुलिस और राजस्व विभाग को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मालीपुर थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं प्रभारी तहसीलदार उत्कर्ष सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मृतक के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments