Monday, August 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याउधारी के 50 हजार मांगने पर दो भाइयों पर जानलेवा हमला, केस...

उधारी के 50 हजार मांगने पर दो भाइयों पर जानलेवा हमला, केस दर्ज


◆ असलहे के बट और लाठी-डंडों से पीटा, एक युवक सिर में चोट लगने से बेहोश; छह नामजद समेत आठ के खिलाफ केस


अयोध्या। थाना रौनाही क्षेत्र के मुबारकगंज चौराहे पर उधारी के रुपये मांगना दो भाइयों को भारी पड़ गया। आरोप है कि 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दबंगों ने दोनों भाइयों को घेरकर लाठी-डंडों और असलहे के बट से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से एक युवक मौके पर ही बेहोश हो गया। दूसरे भाई को भी मारपीट में चोटें आईं। मामले में पुलिस ने छह नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ग्राम भरथूपुर, मौजा देवराकोट निवासी समर बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने दिगम्बरपुर निवासी अमृतलाल वर्मा को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर वह लगातार टालमटोल करता रहा। तहरीर के मुताबिक, 21 अगस्त की शाम करीब चार बजे समर बहादुर अपने छोटे भाई देवेश सिंह के साथ मुबारकगंज चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान लेनदेन को लेकर अमृतलाल व उसके साथ आए अन्य लोगों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने देवेश सिंह के सिर पर असलहे के बट से प्रहार किया और लाठी-डंडों से पीटा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद देवेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसके दोनों हाथों में भी चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे समर बहादुर के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष के लोग असलहा लेकर जिला अस्पताल तक पीछा करते हुए आ गए और पीड़ित की बोलेरो के पास ही खड़े होकर धमकाने लगे।सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा, जबकि दो आरोपी भाग गए। पकड़े गए आरोपियों में ध्रुव वर्मा और अमिल लाल वर्मा शामिल हैं।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमृतलाल वर्मा, जनकलाल वर्मा, अर्जुन वर्मा उर्फ चल्लू, अमन वर्मा, आकाश पटेल और ध्रुव वर्मा समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ध्रुव वर्मा और अमिल लाल वर्मा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे आपराधिक प्रवृत्तिके लोग हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments