Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरस्कार्पियो खरीदने के नाम पर छह लाख हड़पे, पूर्व प्रधान समेत तीन...

स्कार्पियो खरीदने के नाम पर छह लाख हड़पे, पूर्व प्रधान समेत तीन पर मुकदमा


जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में स्कार्पियो खरीदने के नाम पर छह लाख रुपये समेत अन्य रकम हड़पने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एसपी के आदेश से मालीपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मालीपुर निवासी जयप्रकाश यादव ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह सोनभद्र स्थित एनटीपीसी में रहकर ठेकेदारी करता है। उसने अपने रिश्तेदार विनोद कुमार यादव निवासी आसनसोल से छह लाख रुपये में स्कार्पियो खरीदने का सौदा तय किया था। वाहन का टैक्स और परमिट नहीं होने के कारण सौदे की प्रक्रिया में मालीपुर निवासी पूर्व प्रधान सुभाष यादव उर्फ दुबरी को बिचौलिया बनाया गया था।

जयप्रकाश के मुताबिक, उसने 18 अगस्त 2025 को सुभाष यादव के खाते में पेटीएम के जरिए 40 हजार, 60 हजार और 20 हजार रुपये भेजे। इसके अलावा छह लाख रुपये विनोद कुमार यादव को अपने मामा परमहंस यादव की मौजूदगी में दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे।

पीड़ित ने बताया कि 18 अप्रैल 2026 को बेचीनामा और परिवहन विभाग के आवश्यक प्रपत्रों पर हस्ताक्षर कराकर वाहन ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान आरोप है कि विनोद कुमार यादव, पूर्व प्रधान सुभाष यादव और शिक्षक मित्रसेन यादव वहां से फरार हो गए।

जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि तीनों ने आपस में साठगांठ कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उसके रुपये व वाहन को हड़पने की साजिश की। शिकायत के बाद पुलिस ने वाहन को थाने में खड़ा कराया था, लेकिन कुछ दिन बाद उसे छोड़ दिया गया। रकम वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने तथा रुपये या वाहन वापस करने से इनकार करने का भी आरोप लगाया गया है।

एसपी के आदेश पर मालीपुर पुलिस ने विनोद कुमार यादव, पूर्व प्रधान सुभाष यादव उर्फ दुबरी और शिक्षक मित्रसेन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments