अयोध्या। कुमारगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, पीली धातु का कान का बाला, 11,170 रुपये नकद, आधार कार्ड, एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे तथा नकली पिस्टल बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कुमारगंज क्षेत्र की दो और अमेठी के शुक्ल बाजार थाना क्षेत्र की एक लूट की घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को तीनों आरोपियों को लूट के माल और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार पाण्डेय (21), अरविन्द कुमार पाण्डेय (26) और आलोक यादव (20) के रूप में हुई है। तीनों कुमारगंज थाना क्षेत्र से सटे खण्डासा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपाचे मोटरसाइकिल से लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पीड़ितों में भय पैदा करने के लिए गिरोह के सदस्य असली तमंचे के साथ नकली पिस्टल भी रखते थे और जरूरत पड़ने पर हथियार का प्रदर्शन कर वारदात करते थे।
पुलिस के मुताबिक कुमारगंज थाना क्षेत्र में 9 अगस्त को पाठक का पुरवा डबल नहर के पास तथा 8 अगस्त को बिरौली झाम के पास हुई लूट की घटनाओं का खुलासा किया गया है। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अमेठी के शुक्ल बाजार थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य लूट के मुकदमे में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंकित कुमार पाण्डेय का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह थाना खण्डासा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, बरामदगी सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ भी कुमारगंज थाने में लूट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल, उपनिरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय समेत कुमारगंज थाना, सर्विलांस सेल और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।