जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कैफे हाउस पर बच्चों के लिए सामान लेने गए एक युवक की चार लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर स्थित मुकुंद कैफे हाउस की बताई जा रही है। नगपुर निवासी ध्रुव गुप्ता तीन दिन पूर्व ही सऊदी अरब से घर वापस आया था। रविवार रात वह बच्चों के लिए सामान लेने कैफे हाउस पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद तीन नामजद युवकों और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद चारों ने लात-घूंसों और डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट में ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके मुंह और नाक से खून बहने लगा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी उषा गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि ध्रुव अपने माता-पिता का सबसे बड़ा पुत्र था और परिवार के पालन-पोषण के लिए सऊदी अरब में निजी नौकरी करता था। वह पत्नी और दो बच्चों के साथ परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। तीन दिन पहले ही वह सऊदी से घर लौटा था। उसकी मौत से पत्नी, बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।