आलापुर, अंबेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया लाला गांव में तालाब की भूमि पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कई मकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई में करीब दर्जनभर ग्रामीण प्रभावित हुए। इनमें विधवा प्रेमा देवी समेत रामनारायण, रामबिलास, रामसकल आदि के मकान शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान परिवारों को बेबसी में अपना आशियाना टूटते देखते हुए देखा गया।
बताया जाता है कि गांव के ही तालाब की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए लखनऊ हाई कोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल की थी। न्यायालय के आदेश के बाद तहसील प्रशासन ने तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
रविवार दोपहर बाद प्रशासनिक और पुलिस टीम की मौजूदगी में बुलडोजर से कई मकानों को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान विधवा प्रेमा देवी का मकान भी ध्वस्त कर दिया गया। मकान टूटने के बाद महिला और उसके नाबालिग बच्चे खुले आसमान के नीचे आ गए। घर टूटता देख बच्चों की आंखों से आंसू छलक पड़े। परिजनों का कहना है कि उनके पूर्वजों के समय से मकान बना हुआ था और अब उनके पास रहने के लिए कोई छत नहीं बची है।
ग्रामीणों के अनुसार, कार्रवाई की जद में रामनारायण समेत पांच लोगों के मकान, विधवा प्रेमा देवी, रामबिलास व उनके भाई, रामसकल सहित अन्य के मकान आए। प्रशासन ने इन मकानों को तालाब की भूमि पर अतिक्रमण मानते हुए ध्वस्त कर दिया।
इसी बीच कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में एक सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस व्यक्ति ने तालाब से अतिक्रमण हटाने के लिए हाई कोर्ट में पीआईएल दाखिल की थी, उसका मकान भी प्रशासन की जांच में तालाब की भूमि पर पाया गया। इसके बावजूद रविवार की कार्रवाई में भीमसेन के मकान को नहीं गिराया गया, जबकि अन्य ग्रामीणों के मकान ध्वस्त कर दिए गए। इसे लेकर ग्रामीण प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, भीमसेन के मकान को कार्रवाई से बाहर रखने के संबंध में प्रशासन की ओर से तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
कार्रवाई के दौरान राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष तनुज कुमार पाल, उपनिरीक्षक गोविंद नारायण मिश्र पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी, राजस्व निरीक्षक श्रीपाल पांडेय, लेखपाल विवेक कुमार, दयाशंकर, त्रिपुरारी नायक और श्रीराम सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे।