अयोध्या। मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संभावित कारसेवा की चर्चा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से हटाने के लिए कारसेवा जैसे मुद्दों को सामने लाया जा रहा है।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि देश और प्रदेश में किसान खाद के लिए परेशान हैं। महंगाई, बिजली कटौती और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे जनता के सामने हैं, लेकिन सरकार का इन समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के चंदा चोरी संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए सपा सांसद ने केशव प्रसाद मौर्य की राजनीतिक भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपना चुनाव तक हार चुके हैं और सरकार में उनकी कोई पूछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान विकास के मुद्दों से हट गया है।उन्होंने भाजपा पर धार्मिक मुद्दों के जरिए राजनीति करने का आरोप लगाया।
सपा सांसद ने दावा किया कि भाजपा पीडीए की बढ़ती ताकत से चिंतित है। उन्होंने कहा कि पीडीए की राजनीतिक ताकत लगातार बढ़ रही है, जिससे भाजपा की बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि जनता अब विकास, रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है।