अंबेडकर नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जन-जन में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए भाजपा की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के मार्गदर्शन और जिला संयोजक सुमन पाण्डेय के संयोजन में मंडल स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने बताया कि जिले के विभिन्न मंडलों में 10 से 12 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें जिलेभर के मंडलों से हजारों कार्यकर्ता और आमजन हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल होंगे। यात्रा पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से शुरू होकर कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को जीवत, सोनगांव और बेवाना मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 11 अगस्त को केदारनगर, खजुरी, श्रवण क्षेत्र, टांडा नगर, हंसवर, राजेसुल्तानपुर, जलालपुर नगर, भियांव, मालीपुर और कुर्की मंडल में यात्रा होगी। वहीं, 12 अगस्त को कटेहरी, भीटी, बसखारी, सद्दरपुर, गोविंद साहब, जहांगीरगंज, रामनगर, नेवादा, अकबरपुर नगर और सैदापुर मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने जिला मुख्यालय पर 13 अगस्त को होने वाली तिरंगा यात्रा में जिले के सभी मंडलों से कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका दिवस
भाजपा की ओर से 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला कार्यालय अटल भवन में गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। गोष्ठी के बाद जिला कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मौन पदमार्च निकाला जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।