आलापुर अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के देवरिया पंडित गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक ने घर के बाहर नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
देवरिया पंडित निवासी उमेश यादव (35) पुत्र स्वर्गीय सेवाराम यादव शुक्रवार रात करीब 11 बजे पत्नी चंद्रावती से विवाद के बाद मारपीट करने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने पत्नी और अपनी दोनों बेटियों को घर से बाहर निकाल दिया। रात अधिक होने के कारण पत्नी गांव में ही एक परिचित के घर चली गई और मायके वालों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार, रात करीब दो बजे उमेश ने सीढ़ी के सहारे घर के बाहर नीम के पेड़ पर फांसी लगा ली। करीब तीन बजे जब उसके ससुर बेटी की ससुराल पहुंचे तो नीम के पेड़ पर उमेश का शव लटका देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने तत्काल राजेसुल्तानपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़ोसियों के मुताबिक उमेश को शराब पीने की लत थी। नशे में अक्सर पत्नी और बच्चों से विवाद और मारपीट करता था। मृतक की दो बेटियां साक्षी (9) और दीक्षा (6) हैं। उसके माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसका बड़ा भाई दिनेश दिल्ली में रहता है।
थानाध्यक्ष तनुज पाल ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। स्वजन के कहने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
शनिवार शाम करीब छह बजे पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोनों मासूम बेटियां पिता के शव को देखकर रोती रहीं, जबकि पत्नी चंद्रावती का रो-रोकर बुरा हाल था। बड़े भाई दिनेश के दिल्ली से आने के बाद रविवार को अंतिम संस्कार किए जाने की बात परिजनों ने बताई।