◆ अयोध्या से प्रत्याशी बनाए जाने पर पवन पांडे का स्वागत, 2027 में सपा सरकार बनने का दावा
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा तेज नारायण पांडे उर्फ पवन को अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। अयोध्या में प्रथम आगमन पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोहिया भवन स्थित पार्टी कार्यालय में फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस दौरान तेज नारायण पांडे उर्फ पवन ने प्रत्याशी बनाए जाने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या की जनता सपा को जिताकर भाजपा की सरकार को हटाएगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होंने अयोध्या मंडल की पांचों विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का दावा किया। पवन पांडे ने कहा कि पीडीए ही प्रभु श्रीराम की सेना है। इस बार रामजी की सेना और समाजवाद की सेना मिलकर भाजपा सरकार को प्रदेश से विदा करेगी।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “जिनका होमगार्ड ही नहीं सुनता, हम क्यों सुनें। जिनके रहते मेडिकल कॉलेज में दवाइयां ब्लैक में बिक रही हों और डॉक्टर बाहर की दवा लिखते हों, जिनका कोई नहीं सुनता हम उनकी क्यों सुनें।”
वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तंज कसते हुए पवन पांडे ने कहा, “सिराथू से हारे हुए हैं, कृपा पर स्टूल मिला है, संभाल कर रखें, नहीं तो टूटकर गिर जाएंगे।” इस दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।