◆ टेबल टेनिस, कबड्डी सहित पारंपरिक खेलों में खिलाड़ियों ने किया दमदार प्रदर्शन
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय दीक्षोत्सव खेल सप्ताह-2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। दूसरे दिन सात महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर के पांच विभागों के करीब 250 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ दीक्षोत्सव खेल समिति के संयोजक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने प्रतिभागियों से अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
खेल प्रतियोगिताओं के प्रभारी डॉ. कपिल सिंह राणा ने बताया कि दूसरे दिन कुलपति ब्रिगेड और कुलसचिव ब्रिगेड के बीच पुरुष एवं महिला वर्ग की टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही भारतीय पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबड्डी, बोरा दौड़, नींबू-चम्मच दौड़ और रुमाल झपट्टा प्रतियोगिताएं भी कराई गईं।
टेबल टेनिस के पुरुष वर्ग में कुलपति ब्रिगेड के डॉ. अंशुमान पाठक विजेता और कुलसचिव ब्रिगेड के शिव कुमार सिंह उपविजेता रहे। महिला वर्ग में कुलपति ब्रिगेड की डॉ. मोहनी पाण्डेय ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कुलसचिव ब्रिगेड की एकता सिंह उपविजेता रहीं।
कबड्डी के पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम विजेता बनी, जबकि आशा भगवान बक्श सिंह पीजी कॉलेज, पूरा बाजार की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने खिताब जीता और रामनगर पीजी कॉलेज, बाराबंकी की टीम उपविजेता रही।
नींबू-चम्मच दौड़ के पुरुष वर्ग में अनुराग यादव प्रथम और सौरभ कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में संजना विश्वकर्मा ने पहला तथा काजल गुप्ता ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। रुमाल झपट्टा प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सनी विजेता और गगनपाल उपविजेता रहे। महिला वर्ग में आंचल सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आंचल उपविजेता रहीं।
प्रतियोगिताओं का संचालन डॉ. कुमार मंगलम सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. शैलेंद्र वर्मा, प्रो. आशीष प्रताप सिंह, प्रो. सुरेंद्र मिश्रा, डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. अनुराग पाण्डेय, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. रामजी सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दीक्षोत्सव खेल सप्ताह के तहत 5 अगस्त को महिला एवं पुरुष वर्ग में पांच खेलों की कुल 10 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।