अम्बेडकर नगर। भूगर्भ जल सप्ताह के समापन पर बुधवार को जनपद में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भूगर्भ जल जन-जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा और जिलाधिकारी ईशा प्रिया के साथ विकास भवन परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए भूगर्भ जल का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि यदि आज से ही वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत नहीं अपनाई गई तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से पानी की एक-एक बूंद बचाने और जल संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि 16 से 22 जुलाई तक आयोजित भूगर्भ जल सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्षा जल संचयन और भूगर्भ जल पुनर्भरण के उपायों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
वाहन रैली के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूगर्भ जल संवर्धन से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
रैली के बाद विकास भवन सभागार में जिला विकास अधिकारी एवं डीसी मनरेगा की मौजूदगी में जल संरक्षण विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों ने जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।