Wednesday, July 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, वर्कशॉप संचालकों को अंतिम चेतावनी

मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, वर्कशॉप संचालकों को अंतिम चेतावनी


अम्बेडकर नगर। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बुधवार को यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत बुलेट मोटरसाइकिलों की विभिन्न वर्कशॉप का निरीक्षण किया गया और तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वर्कशॉप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी वाहन, विशेषकर बुलेट मोटरसाइकिल में मानक के विपरीत तेज आवाज वाले साइलेंसर न लगाए जाएं। टीम ने बताया कि ऐसे साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का भी उल्लंघन करते हैं। इससे आमजन को परेशानी होती है और सड़क सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की। साथ ही वाहन स्वामियों और वर्कशॉप संचालकों को भविष्य में मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग या स्थापना न करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने वाहनों में केवल मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें तथा ध्वनि प्रदूषण रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने कहा कि शांत, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments