Thursday, July 16, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यापुराने नाले की खोदाई से आवास विकास कॉलोनी को मिलेगी जलभराव से...

पुराने नाले की खोदाई से आवास विकास कॉलोनी को मिलेगी जलभराव से राहत


◆ महापौर ने किया स्थलीय निरीक्षण, पेयजल, सड़क और बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश


अयोध्या। आवास विकास कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार कर ली है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और आईटीआई के सामने स्थित पुराने नाले की खोदाई एवं सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके लिए रामपथ के फुटपाथ का आवश्यक हिस्सा हटाकर बंद पड़े नाले को पुनः चालू किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान कॉलोनी में होने वाले जलभराव से राहत मिल सकेगी।

निरीक्षण के दौरान यह भी तय किया गया कि नाले के ऊपर बिजली विभाग द्वारा लगाए गए 11 हजार वोल्ट लाइन के कंट्रोल पैनल को हटाया जाएगा। इसके लिए बिजली विभाग को तत्काल पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही उदया चौराहा क्षेत्र के पास नाले की खोदाई कर उसे जालपा नाले से जोड़ने की योजना पर भी सहमति बनी, जिससे जल निकासी व्यवस्था और बेहतर हो सके।

इसके बाद महापौर ने वशिष्ठ कुंड स्थित राघव विहार कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। यहां अनुपयोगी बिजली के खंभों को हटाने, पेयजल पाइपलाइन से सभी घरों को अभियान चलाकर कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा गैर-विवादित क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए संशोधित प्रस्ताव तैयार कर वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जलभराव, पेयजल और सड़क संबंधी समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और कहा कि नागरिक सुविधाओं में सुधार नगर निगम की प्राथमिकता है।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता राजपति यादव, सहायक अभियंता भारत सिंह वर्मा, अवर अभियंता अरुण कुमार, जलकल विभाग के सहायक अभियंता जयकुमार, जल निगम के सहायक अभियंता संजय, लोक निर्माण विभाग तथा परिवर्तन दल के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments