Wednesday, July 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजीआईसी में बनेगी 14 करोड़ रुपये की एआई लैब, तीन विद्यालयों के...

जीआईसी में बनेगी 14 करोड़ रुपये की एआई लैब, तीन विद्यालयों के छात्र होंगे लाभान्वित


अयोध्या। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) अयोध्या में 14 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लैब स्थापित की जाएगी। इस परियोजना का निर्माण टाटा टेल्को के सहयोग से होगा। एआई लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, डेटा साइंस और अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस परियोजना का लाभ जीआईसी अयोध्या के अलावा राजकीय इंटर कॉलेज ददेरा, राजकीय इंटर कॉलेज टकसरा तथा राजकीय हाई स्कूल सराय सागर के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। इन विद्यालयों में क्षेत्रीय लैब भी स्थापित की जाएंगी, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकेंगे।

प्रस्तावित एआई लैब में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम, हाई-स्पीड इंटरनेट, स्मार्ट क्लासरूम, रोबोटिक्स किट और एआई आधारित सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यार्थियों को सैद्धांतिक अध्ययन के साथ प्रायोगिक परियोजनाओं, वर्चुअल सिमुलेशन और रियल-टाइम एप्लीकेशन पर भी कार्य करने का अवसर मिलेगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि परियोजना का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में बुनियादी ढांचा, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लासरूम विकसित किए जाएंगे। साथ ही शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि वे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का प्रभावी प्रशिक्षण दे सकें।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद जीआईसी अयोध्या को प्रदेश के मॉडल विद्यालयों में विकसित करने का लक्ष्य है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments