अयोध्या। दर्शननगर स्थित पैका स्किल्स (यश आईटीआई), पैका नगर में शनिवार को “युवा उड़ान कौशल मेला” का आयोजन किया गया। मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बडी संख्या में युवाओं ने भाग लिया तथा तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान पैका स्किल्स के अनुभवी प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को तकनीकी क्षेत्र में करियर निर्माण के विभिन्न विकल्पों और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया। युवाओं को विभिन्न ट्रेडों, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं की जानकारी देते हुए उन्हें अपने कौशल को समयानुकूल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
मेले का प्रमुख आकर्षण “ड्रीम एक्सरसाइज” रही। इस गतिविधि के माध्यम से युवाओं को यह कल्पना करने के लिए प्रेरित किया गया कि आज चुने गए तकनीकी कौशल और ट्रेड के आधार पर वे अगले पांच वर्षों में स्वयं को किस स्थान पर देखना चाहते हैं। इस अभ्यास ने प्रतिभागियों को अपने करियर के लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कौशल मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना, आत्मनिर्भर बनाना और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करना है।
कार्यक्रम में पैका लिमिटेड के प्रबंध निदेशक वेद कृष्णा, अधिशासी निदेशक गौतम घोष, लोकल लायजन हेड शैलेंद्र प्रताप सिंह, पैका स्किल्स हेड अश्वनी दीक्षित, पैका फाउंडेशन हेड सरिता उपाध्याय सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं टीम के सदस्य उपस्थित रहे।