अयोध्या। राम मंदिर क्षेत्र में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रामकोट एवं कटरा क्षेत्र में 474 कारों की क्षमता वाली पजल टाइप मैकेनाइज्ड स्मार्ट पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 65.04 करोड़ रुपये है और इसे 20 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लोक निर्माण विभाग (सीडी-2) द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य की शुरुआत 21 जून 2025 को हुई थी। विभाग के अनुसार वर्तमान में परियोजना का लगभग 57 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य में बेसमेंट, सिविल स्ट्रक्चर, रिटेनिंग वॉल, ब्रिक वर्क, वाटर टैंक, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की फिनिशिंग तथा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग (एमईपी) से जुड़े कार्य शामिल हैं।
परियोजना के तहत मैकेनाइज्ड पार्किंग के अलावा दो डॉरमेट्री, 13 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, एक सार्वजनिक शौचालय, दो सुरक्षा केबिन, एक पंप रूम, फायर एवं घरेलू उपयोग के लिए भूमिगत जल टैंक तथा कार्यालय का भी निर्माण किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद कम स्थान में अधिक वाहनों की पार्किंग संभव होगी, जिससे राम मंदिर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। डॉरमेट्री में श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में प्रसाद, धार्मिक सामग्री और स्थानीय उत्पादों की दुकानें संचालित की जा सकेंगी।
परियोजना के पूरा होने के बाद श्रद्धालु अपने वाहन पार्क कर पैदल अथवा उपलब्ध कराई जाने वाली शटल सेवा के माध्यम से राम मंदिर तक पहुंच सकेंगे। इससे भीड़ और यातायात प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।