अयोध्या। शासन की महत्वाकांक्षी आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जून 2026 की मासिक रैंकिंग में प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार दूसरी बार है जब जनपद ने प्रदेश के टॉप-10 जिलों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। इससे पूर्व जारी रैंकिंग में अयोध्या को चौथा स्थान प्राप्त हुआ था।
वर्ष 2020 के बाद यह पहला अवसर है जब जनपद अयोध्या ने लगातार दो माह तक प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। यह उपलब्धि जनपद में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा अधिकारियों की जवाबदेही का सकारात्मक परिणाम है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने समस्त जिला प्रशासन, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई की गुणवत्ता बनाए रखते हुए शिकायतों के निस्तारण में निरंतर सुधार करें, ताकि आगामी रैंकिंग में भी जनपद और बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश के शीर्ष स्थानों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सके।