Monday, August 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याविदेश भेजने के नाम पर ठगी का आरोप, कार्रवाई न होने से...

विदेश भेजने के नाम पर ठगी का आरोप, कार्रवाई न होने से युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा


अयोध्या। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी और पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट एक युवक बुधवार सुबह रुदौली तहसील क्षेत्र के पटरंगा थाना अंतर्गत कूड़ासादब स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारी मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।

जानकारी के अनुसार, पटरंगा थाना क्षेत्र के कटिहार पुरवा (पोस्ट गेरड़ा) निवासी संजय (30) पुत्र रामधीरज का आरोप है कि घरौंडा निवासी मकसूद पुत्र पुत्तन ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर 1.55 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही पूरी रकम वापस की गई।

परिजनों का कहना है कि संजय ने कई बार आरोपी से रुपये वापस मांगे, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत पटरंगा थाने में भी कई बार की गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया और जल्द रुपये वापस दिलाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसी से क्षुब्ध होकर संजय बुधवार सुबह करीब 11 बजे कूड़ासादब स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बातचीत के जरिए उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। घटना के चलते आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि युवक से लगातार बातचीत की जा रही है। उनके अनुसार, मामले में युवक को कुछ धनराशि वापस भी दिलाई जा चुकी है और शेष प्रकरण का भी विधिक तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments