आलापुर, अम्बेडकर नगर। जहांगीरगंज विकासखंड में सोमवार को नवागत खंड विकास अधिकारी सत्य नारायण पांडे ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यालय पहुंचने पर ब्लॉक के कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद बीडीओ ने सभी पटल सहायकों और ग्राम विकास अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की लंबित फाइलों तथा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।
सत्य नारायण पांडे ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव अनूप मिश्रा, प्रवीण वर्मा, कृष्ण कुमार वर्मा सहित सफाई कर्मी दिलीप कुमार, रमेश कुमार, अशोक गुप्ता एवं बड़ी संख्या में ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे।